द्वारिकाधीश के जन्मोत्सव पर ब्रज में उठ रहीं आनंद की हिलोर, ढोल नगाड़ों की गूंज के साथ कुहक रहे हैं मोर
सचिन मुखी, August 26, 2024MATHURA; श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का महापर्व पर पूरे ब्रजमंडल में बड़े हर्षोउल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कान्हा के स्वागत में ब्रज को स्वर्ग सा सजा गया है। सोमवार मध्यरात्रि 12 बजे घर-घर कन्हैया जन्म लेंगे। हर घर में मंगल बधाई गीत गूजेंगे। उनके दर्शन के लिए देश-विदेश से ब्रज आए हुए लाखों श्रद्धालु का तांता लगा हुआ है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मुख्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यहां सुबह 5:30 बजे से रात्रि 1:30 बजे तक निरंतर प्रवेश रहेगा। वहीं, ब्रज के सभी छोटे-बड़े मंदिर, चौराहों को भी सजाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु कृष्ण जन्मोत्सव में भाग लेंगे।
लाखों श्रद्धालु आतुर
लाला के स्वागत में पूरा ब्रज ही नहीं बल्कि देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु आतुर हैं। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में सोमवार रात 12 बजे कन्हैया के जन्म लेते ही माहौल हाथी-घोड़ा पालकी जय कन्हैयालाल की जयघोष के नारों से गूंज उठेगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, प्रेम व इस्कॉन मंदिर में दर्शन के लिए रविवार को ही हजारों लोग की भीड़ उमड़ी हुई है। यह सिलसिला जन्म होने तक जारी रहेगा। रोशनी से नहाए इन मंदिरों की आभा हर किसी को आकर्षित कर रही है। विद्युत झालरों से सजे इन मंदिरों को देख लोगों के कदम वहीं रुक जाते हैं।
देखने में मनोरम लग रही मंदिरों की छवि
वहीं, सेवायत गोस्वामी उल्लास के साथ बधाई गुनगुनाते नजर आए। बांकेबिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर एवं वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों को शिखर से लेकर चौखट तक रंगबिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया है, जो देखने में बड़ी मनोरम लग रही हैं। मंदिर के अंदर चौक और गर्भगृह को देशी-विदेशी सुगंधित पुष्पों आर गुब्बारों से सजाया गया है। जिसकी शोभा अकथीनीय है। इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, चंद्रोदय मंदिर समेत प्राचीन सप्त देवालयों को भी रोशनी से सजाया गया है, जो कि देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आज होंगे ये कार्यक्रम
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आज सोमवार प्रात: 5:30 बजे दिव्य शहनाई एवं नगाड़ों के सुमधुर वादन के साथ भगवान की मंगला आरती की गई। इसके बाद प्रात: 8:30 बजे भगवान का दिव्य पंचामृत अभिषेक किया गया। वहीं भगवान के पवित्र स्त्रोतों का पाठ एवं पुष्पार्चन भी किया गया। सुबह 9:00 बजे भव्य पुष्पांजलि एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव संकल्प का अलौकिक कार्यक्रम श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार के श्रीचरणों में भागवत-भवन के प्रांगण में बड़े हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। भगवान का कमल-पुष्प एवं तुलसीदल से पुष्पार्चन, मंगलार्चन एवं वेदमंत्रों के मध्य किया समंपन्न हुआ। ब्रज के उत्कृष्ट गायकों ने इस अवसर पर ठाकुरजी के सम्मुख दिव्य भजन-गायन की प्रस्तुति दी। वहीं इसके बाद जन्म महाभिषेक का मुख्य कार्यक्रम रात्रि 11:00 बजे श्रीगणेश-नवग्रह आदि पूजन से आरंभ किया जाएगा। उसके बाद 1008 कमल-पुष्पों से ठाकुरजी का सहस्त्रार्चन करते हुए आह्वान होगा। रात्रि 12:00 बजे भगवान का प्राकट्य होगा। इसी के साथ महाआरती शुरू होगी, जो रात्रि 12:10 बजे तक चलेगी। श्रीठाकुर जी के जन्माभिषेक कामधेनु स्वरूपा गऊ द्वारा रात्रि 12:10 बजे से रात्रि 12:25 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद रजत कमल पुष्प में विराजित श्रीठाकुरजी का जन्म महाभिषेक रात्रि 12:25 बजे से 12:40 बजे तक होगा। इसके बाद ठाकुरजी की शृंगार आरती रात्रि 12:45 बजे से 12:50 बजे तक होगी। श्रद्धालुओं का प्रवेश रात्रि 1:30 बजे तक होगा।
राजाधिराज रत्नजड़ित पोशाक करेंगे धारण
ठा. द्वारिकाधीश मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सोमवार को मनाया जाएगा। जन्मोत्सव मनाने के लिए दिल्ली, कोलकाता से फूल मंगाए गए हैं। ठाकुरजी रत्नजड़ित पोशाक धारण करेंगे। रात 11:45 बजे ठाकुरजी के जन्म के दर्शन होंगे। वहीं 27 अगस्त को नंदोत्सव मनाया जाएगा। यह जानकारी मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने दी।
पर्यटक कंट्रोल रूम को स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम में संचालित आईटीएमएस कक्ष में स्थापित किया गया है। इसमें 24 घंटे शिफ्टवार पुलिस, पर्यटन, नगर निगम, राजस्व, रोडवेज तथा रेलवे के कर्मचारी बैठ रहे हैं। इसके नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त हैं। डीएम के अनुसार इस हेल्पलाइन नंबर पर कोई भी पर्यटक मथुरा-वृंदावन के मंदिरों के दर्शन का समय, मथुरा आने और यहां से अन्य प्रदेशों-जिलों को जाने के लिए ट्रेनों, बसों की जानकारी ले सकेगा। साथ ही स्थानीय रास्तों की जानकारी, दर्शनीय स्थलों की जानकारी भी इस कंट्रोल रूम से ली जा सकेगी। किसी भी समस्या की शिकायत भी कर सकेंगे, जिसे पुलिस सुनेगी। गंदगी संबंधी शिकायत नगर निगम सुनेगा।
रूट डायवर्जन
भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। ट्रैफिक जाम न हो इसको ध्यान में रखते हुए 28 सितंबर की रात तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। मथुरा में भरतपुर गेट से डीग गेट, मसानी चौराहा से भूतेश्वर चौराहा तक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए मथुरा में 20 स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है। वहीं 74 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिहाज से फोर्स और मजिस्ट्रेट रविवार से ही अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक लाखों श्रद्धालु ब्रज में 28 अगस्त तक आएंगे। इन सभी के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सभी श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। फोर्स ने ड्यूटी भी संभाल ली है। इसी के साथ सभी देश वासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई भी दी है।