कोलकता में चल रहे प्रदर्शन के बीच BJP नेता पर हुई गोली और बमबारी, TMC कार्यकर्ताओं पर आरोप
सचिन मुखी, August 29, 2024WEST BENGAL; कोलकाता में प्रदर्शनकारी नबन्ना राज्य सचिवालय तक मार्च निकालने की जिद पर अड़े हैं। वहीं राज्य की पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लेकिन राजधानी की सड़कों पर आवागन बहुत कम हो रहा है। सड़को और चौक चौराहे खाली नजर आ रहे हैं। कोलकता के मौजूदा हालात को देखकर लोग अपने घरों से बहुत जरूरत होने पर ही निकल रहे हैं। निजी वाहनों की संख्या भी बहुत कम दिखाई दे रही हैं। हालांकि, बाजार और दुकानें पहले की तरह खुली हैं। स्कूल और कॉलेज खुले हैं। लेकिन ज्यादातर निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम है, क्योंकि उन्हें घर से काम करने को कहा गया है।
बता दें कि, पार्टी नेता प्रियांगु पांडे ने बुधवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर हमला किया और गोलीबारी की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी कार पर बम फेंक कर 6-7 राउंड फायरिंग की गई।
ड्राइवर को मारी गई गोली
पांडे ने बताया कि मैं पार्टी नेता अर्जुन सिंह के घर जा रहा था। जहां कुछ ही दूरी पर भाटपारा नगर पालिका की जेटिंग मशीन से सड़क को ब्लॉक कर दिया गया। जैसे ही हमारी गाड़ी रुकी, करीब 50-60 लोगों ने गाड़ी को निशाना बनाया। मेरी गाड़ी पर 7 से 8 बम फेंके गए और तभी 6-7 राउंड फायरिंग की भी गई। यह तृणमूल कांग्रेस और पुलिस की साजिश है। उन्होंने मेरी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने सहयोग किया और जानकारी दी। मेरी सुरक्षा वापस ले ली गई और फिर यह घटना हुई। भाजपा नेता ने यह भी बताया कि उनके ड्राइवर को भी गोली मारी गई। सात अन्य लोगों में से दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रियांगु पांडे की हत्या की साजिश
घटना पर बोलते हुए पूर्व भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रियांगु पांडे की हत्या की साजिश थी। उन्होंने कहा कि जब हमारी पार्टी के नेता आ रहे थे, तो जेटिंग मशीन का इस्तेमाल करके सड़क जाम कर दी गई। वहीं उन पर बम फेंका गया और सात राउंड फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। बड़ी बता यह कि इतना सब एसीपी की मौजूदगी में हुआ। टीएमसी के गुंडों ने प्रियांगु पांडे को मारने की योजना बनाई थी। आज स्थिति यह है कि बम फेंकने वाले लोग एसीपी कार्यालय के बाहर जुआ खेल रहे हैं।
BJP कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता के बाटा चौक पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 'नबन्ना अभियान' मार्च के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर पुलिस ने कार्रवाई की। वहीं भाजपा ने 12 घंटे 'बंगाल बंद' का आह्वान किया। और विरोध प्रदर्शन किया। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर बंगाल में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।
बंगाल में सब कुछ सामान्य: टीएमसी
टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि हमारी सरकार(TMC) आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म-हत्या मामले में न्याय चाहती है। सीएम ममता बनर्जी भी न्याय चाहती हैं। मामला अब सीबीआई के हाथ में है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अब सीबीआई मामले की जांच कर रही है। भाजपा यहां अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। कल उन्होंने पुलिस पर हमला किया और आज उन्होंने बंद बुलाया है। बंगाल में सब कुछ सामान्य है। पश्चिम बंगाल के लोगों ने भाजपा के बंद को खारिज कर दिया है।
क्या है नबन्ना अभियान?
कोलकता के आरजी कर मेडीकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर से रेप कर हत्या के मामले में छात्रों ने प्रदेश के राज्य सचिवालय तक मार्च निकालने का प्रण लिया है। जो नबन्ना इलाके में पड़ता है। पश्चिम बंगाल की राजधानी में कॉलेज स्क्वायर से 'नबन्ना अभियान' रैली शुरू हुई थी। इसमें पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शनकारी हावड़ा के संतरागाछी इलाके में इकट्ठा हुए थे। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज भी किया। आरोप था कि प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया।