स्कूल संचालक के बेटे ने पिता से फिरौती के मांगे 20 लाख, खुद ही बना किडनेपर
सचिन मुखी, September 04, 2024
UTTAR PRADESH: उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्कूल संचालक के बेटे के अपहरण की खबर सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा तलाश में जुट गया। अपहरणकर्ता ने घर वालों से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। लेकिन पुलिस के खुलासे के बाद परिवार के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। पुलिस तथाकथित अपहर्णकर्ता को हरिद्वार से बरामद कर कानपुर ला रही है। वहीं पुलिस तथाकथित अपहृत युवक और उसके दोस्त को आमने-सामने बैठ कर पूछताछ करेगी। डीसीपी साउथ ने बताया कि पुलिस युवक को लेकर कानपुर आ रही है। जहां आगे की पूछताछ की जाएगी। मामला गुजैनी थाना क्षेत्र का है।
बता दें कि गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा आठ निवासी स्कूल संचालक राधेश्याम कटियार ने थाना में तहरीर देकर अपने बेटे अंकुर कटियार के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने बताया कि अंकुर सहारनपुर की मंडी समिति में नौकरी करता है। रक्षाबंधन पर वह घर आया था। उसके बाद वह अपनी नौकरी पर लौट गया। अंकुर कटियार के वापस जाने के बाद 29 अगस्त घर वालों के पास दो अलग अलग नंबरों से फोन आया। जिसमें जानकारी दी गई की अंकुर कटियार का अपहरण कर लिया गया है। अगर अपना बेटा वापस चाहते हो तो 20 लाख रुपए दो, नहीं तो जान से मार दिया जाएगा।
गुजैनी थाना में दी तहरीर
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस के तीन टीम अंकुर कटियार की बरामदगी के लिए लगाई गई। मोबाइल नंबर को सर्विलांस में लगाया गया। इसी दौरान रात में अपहरणकर्ता ने अंकुर के परिवार वालों को फोन किया तो पुलिस ने उसकी लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस की। तीनों टीम बीते मंगलवार को हरिद्वार के लिए रवाना हुई। जहां से पुलिस ने अंकुर कटियार को बरामद कर लिया।
पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस नें मामले का खुलासा किया है। जिसको सुनकर परिवार वाले भी दंग रह गए। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में अंकुर कटियार ने बताया कि वह खुद को अपहरणकर्ता बताते हुए घर वालों से 20 लाख रुपए की मांग कर रहा था। मंगलवार को 3 लाख में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया। समझौते के अनुसार अंकुर कटियार ने अपने दोस्त शोभित को पैसे लेने के लिए घर भेजा। जहां मौके पर पहले से मौजूद पुलिस ने शोभित को दबोच लिया।
शोभित ने अलग कहानी बताई
वहीं शोभित से पूछताछ में पुलिस को नई जानकारी मिली। जिसमें शोभित ने बताया कि अंकुर ने उससे 3.30 लाख रुपए उधार लिए थे। जिसे वह काफी समय से मांग रहा था। लेकिन अंकुर दे नहीं रहा था। इस पर शोभित ने अंकुर से कहा कि 3 लाख रुपए ही वापस कर दो, तो 30 हजार छोड़ देंगे। इस पर अंकुर ने 3 लाख रुपए भेज दिए। इसके बाद शोभित ने पुलिस को बताया कि उसे अंकुर के अपहरण की कोई जानकारी नहीं है।
क्या कहते हैं डीसीपी साउथ?
इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि अंकुर कटियार ने मोहल्ले के कई लोगों से कुछ ना कुछ रूपया उधर ले रखा है। पुलिस का मानना है कि स्कूल संचालक का बेटा होने के कारण लोग उसे पैसा देने से मना नहीं करते हैं। अब पुलिस शोभित और अंकुर को आमने-सामने बैठकर पूछताछ करने की योजना बना रही है। डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया कि अंकुर को हरिद्वार से बरामद कर लिया गया है। जिसे कानपुर लाया जा रहा है। अंकुर के दोस्त शोभित को आमने-सामने बैठ कर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही पुलिस कार्रवाई करेगी।