मोदी ने हरियाणा की जनता को किया संबोधित, कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा विकास की धारा में हरियाणा
journo sam, September 14, 2024HARYANA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए हरियाणा के कुरूक्षेत्र में पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मोदी ने कहा कि ये लोग एमएसपी को लेकर कितना शोर मचाते हैं। जबकि हमारा हरियाणा देश का ऐसा राज्य है। जो 24 फसलें MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीदता है। मोदी ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि वो लोग कर्नाटक और तेलंगाना में कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदते हैं? कर्नाटक के किसानों को कितना एमएसपी देते हैं? भाजपा की केंद्र सरकार ने अपने देश के किसानों का बोझ अपने ऊपर लेने के लिए अनेक प्रयास किए हैं।
कांग्रेस किसानो को दिखाती है सपने
मोदी ने कहा कि कांग्रेस की एक ही नीति है। चुनाव जीतो और जनता का खजाना खाली करो। कांग्रेस किसानों के लिए केवल बड़ी-बड़ी बातें करती है। उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाती है। जबकि हकीकत ये है कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस में इतना ही दम है, तो कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी किसान योजनाओं को लागू क्यों नहीं करती? कर्नाटक और तेलंगाना में विकास के सारे काम ठप्प हैं। कांग्रेस पार्टी की एक ही नीति पर काम करती है। देश की जनता को गुमराह करके चुनाव जीतो और देश के खजाने को खाली करो। जहां जहां इनकी सरकार वहां के हाल देख लिजिए। आप पंजाब के हालातों से इस बात का पता लगा सकते हैं, आज पंजाब की क्या हालत है।
विकास की धारा में हरियाणा
बता दें कि प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जनता की परेशानी और उनकी समस्याओं से कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस देश की सबसे बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी है। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के आने से पहले यहां आधे घरों में नल के कनेक्शन तक नहीं थे। लेकिन आज हरियाणा करीब-करीब शत प्रतिशत नल से जल वाला राज्य बन रहा है। भाजपा सरकार गरीब व मध्यम वर्ग के लिए बिजली का बिल जीरो करने में जुटी है। इसके लिए पीएम सूर्य उदय योजना शुरू की है। वहीं पीएम ने आगे कहा कि, हमने कांग्रेस की सरकार का वो दौर भी देखा है। जब विकास का पैसा केवल एक जिले तक सीमित रह जाता था। इतना ही नहीं, वो पैसा किस-किस की जेब में जाता था। इस बात को हरियाणा का बच्चा-बच्चा जानता है। लेकिन भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ने का काम किया है।
15 लाख करोड़ रुपये का काम शुरू
नरेंद्र मोदी ने कहा कि, "मैंने कहा था कि इस बार भाजपा सरकार के पहले 100 दिन में बड़े फैसले होंगे। गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के मजबूत बनाने वाले होंगे। अभी 100 दिन पूरे भी नहीं हुए हैं। लेकिन हमारी सरकार ने करीब 15 लाख करोड़ रुपये के नए काम शुरू करवा दिए हैं।"
राहुल गांधी पर हमला
पीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस ने खटाखट 8500 देने का झूठ वादा किया था। इसके बाद लोग 1 जुलाई पैसे के लिए लाइन में लग गए। लेकिन मिला केवल धोखा। नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को धोखेबाज और झूठे वादे करने वाली पार्टी बताया। वहीं उन्होंने हिमाचल प्रदेश की स्थिति को लेकर कहा कि आज हिमाचल की क्या कंडिशन है देख सकते हैं।
हिमाचल की कांग्रेस पर बोला हमला
पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में हर घर को झूठ की घुट्टी पिलाई है। आजतक कोई वायदा पूरा नहीं किया। सरकारी कर्मचारी वेतन के लिए हड़ताल कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री व मंत्री जनता के सामने सैलरी छोड़ने का बहाना कर रहे हैं।
प्रदेश में सेवाभाव के साथ काम कर रही भाजपा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, पिछले 50 साल से हरियाणा का इतिहास और विशेषता रही है कि, दिल्ली में जिसकी सरकार रहती है। प्रदेश में भी उसी की सरकार बनाते हैं। कभी उलट फेर नहीं होने देते हैं। कुरुक्षेत्र से तो हमारे मुख्यमंत्री खुद ही उम्मीदवार हैं। हरियाणा में भाजपा सेवाभाव के साथ काम कर रही है। हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक लगने वाली है।
आप इस गरीब के बेटे को आशीर्वाद दीजिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता से अपील करते हुए कहा कि मैं आज हरियाणा के लोगों के बीच आया हूं। आप लोग इस गरीब के बेटे को आशीर्वाद दीजिए। भाजपा को आशीर्वाद दीजिए। फिर एक बार भाजपा सरकार। पीएम मोदी ने कहा कि, कुरुक्षेत्र में आना, भारत की संस्कृति के तीर्थ का दर्शन करना मन को भर देता है। यहां गीता का ज्ञान है। यहां सरस्वती सभ्यता के निशान है। ये गुरु गोविंद सिंह जी की छठी पातशाही की भूमि है। यहां श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चरण पड़े हैं। ऐसी पावन धरती से मैं आपसे फिर एक बार भाजपा सरकार बनाने का निवेदन करने के लिए आया हूं।
पीएम ने सीएम नायाब सैनी की की तारीफ
पीएम मोदी ने सीएम नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि नायब सिंह सैनी प्रदेश के विकास के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं। मुख्यमंत्री का पिछड़े समाज से पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। मोदी बोले कि भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती है। हमारी सरकार ने तीन करोड़ पक्के घरों को मंजूर किया गया है। यह गरीब के सपनों का घोसला होगा। अब उनका पक्का पता होगा। प्रदेश में सैकड़ो लखपति दीदीयां बनी हैं। वहीं अब भाजपा सरकार 70 वर्ष के बुर्जुगों को भी अब पांच लाख तक का स्वास्थ्य लाभ देगी चाहे वह किसी भी वर्ग से हो। अब उसके बच्चों को बुजुर्गों की चिंता करने की जरूरत नहीं रहेगी।