महाराष्ट्र में वक्फ बोर्ड की संपत्ति को नहीं छूने देंगे उद्धव ठाकरे, वहीं अगले सीएम को लेकर भी दे दिया बड़ा बयान..
सचिन मुखी, August 16, 2024MAHARASHTRA NEWS; महाराष्ट्र शिवसेना यूबीटी के प्रमुख नेता उद्धव ठाकरे ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। जिसके बाद प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा हो गई है। यह बयान उन्होंने उस वक्त दिया जब वह एक (महाविकास अघाड़ी गठबंधन) के खास कार्यक्रम में सम्मलित हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वक्फ बोर्ड और मंदिरों की संपत्ति को हाथ लगाने का अधिकार किसी को नहीं है। अगर इसके बावजूद भी कोई वक्फ बोर्ड या किसी मंदिर की संपत्ति से छेड़छाड़ करता है। तो वह उसके लिए स्ंवय जिम्मेदार होगा। हम किसी को भी ऐसी संपत्ति को छूने नहीं देंगे। वहीं ठाकरे ने एमवीए की बैठक को संबोधित करते हुए सीएम पद को लेकर भी खास बात कही।
वक्फ संपत्ति को किसी को नहीं लगाने दूंगा हाथ
पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं ऐलान कर रहा हूं कि अगर वक्फ बोर्ड या किसी मंदिर और धार्मिक संपत्ति को किसी ने छूने की भी कोशिश की तो मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। यह मेरा वादा है। यह किसी बोर्ड का सवाल नहीं है बल्कि यह हमारे मंदिरों का मामला है। जैसा कि शंकराचार्य ने कहा है कि केदारनाथ मंदिर का 200 किलो सोना चोरी हुआ, तो इसकी जांच होनी चाहिए।
सीएम पद के लिए क्या कहा?
ठाकरे ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन के बाद मुझे एक चीज का अनुभव हुआ है कि हमें उस नीति पर नहीं चलना चाहिए कि गठबंधन में जिस पार्टी के सबसे ज्यादा विधायक होंगे, उसी पार्टी का सीएम होगा। हमने भाजपा के साथ गठबंधन में पिछले चुनावों में ऐसा महसूस किया है कि पार्टी अपने विधायकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जिताने के लिए गठबंधन की दूसरी पार्टी के उम्मीदवारों को कमजोर करने की कोशिश करती है। इसलिए हम ज्यादा विधायकों वाली पार्टी को ही सीएम पद देने के पक्ष में नहीं हैं।
गद्दारों को देना चाहता हूं जबाव
उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाविकास अघाड़ी गठबंधन को मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर फैसला करने दीजिए। कांग्रेस और एनसीपी-एसपी को अपने-अपने सीएम उम्मीदवार का नाम सुझाने दीजिए। हम उसका समर्थन करेंगे। हमें महाराष्ट्र और देश की भलाई के लिए काम करना है और मैं 50 खोखा और गद्दारों को भी जवाब देना चाहता हूं। कि लोग हमें चाहते हैं ना कि उन्हें।
चुनाव आयोग कर सकता है तारीख का ऐलान
ठाकरे ने कहा कि मैं इस बात पर चर्चा के लिए तैयार हूं कि आपने (महायुति) ने और हमने (महाविकास अघाड़ी) इस देश और राज्य के लिए क्या किया। वे नगर निगम के चुनाव नहीं करा रहे हैं और न ही उन्होंने अभी तक चुनाव की तारीखों को लेकर कोई फैसला किया है। बता दें कि शुक्रवार शाम को चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
चार राज्यों में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
झारखंड में भी साल के अंत तक चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मुझे लगता है कि आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान नहीं किया जाएगा। झारखंड के चुनाव बाद में होंगे। वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि 'प्रधानमंत्री ने कल ही एक देश, एक चुनाव की बात की है। मुझे उम्मीद है कि चार राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया जाएगा।