Home / राजनीति / दिल्ली को मिलने वाली है तीसरी महिला सीएम, जानिए आतिशी का राजनीतिक कैरियर
Videos_01

दिल्ली को मिलने वाली है तीसरी महिला सीएम, जानिए आतिशी का राजनीतिक कैरियर

DELHI: देश की राजधानी दिल्ली में सियासी उठापटक जारी है। आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल को लेकर सियासी दंगल लगातर चल रहा है। वहीं इसी उठापटक के बीच दिल्ली को एक नया सीएम मिल गया है। आम आदमी पार्टी की सरकार में शिक्षामंत्री के पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं आतिशी दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी। बता दें कि आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। आतिशी केजरीवाल कैबिनेट में सबसे ताकतवर मंत्री रही हैं। आतिशी को अरविंद केजरीवाल का बहुत करीबी और भरोसेमंद माना जाता है। अन्ना आंदोलन के समय से ही आतिशी संगठन में सक्रिय रही हैं। वर्तमान में आतिशी के पास सबसे अधिक मंत्रालय हैं। मंगलवार को केजरीवाल के आवास पर विधायक दल की बैठक हुई। जिसमें आतिशी के नाम का प्रस्ताव केजरीवाल ने सभी विधायकों के सामने रखा। इस बैठक में लिए गए फैसले का विधायकों ने समर्थन किया। मुख्यमंत्री की रेस में उनका नाम सबसे आगे भी चल रहा था। पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाली आतिशी की प्रारंभिक पढ़ाई दिल्ली में हुई है। और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं।

आतिशी का राजनीतिक सफर

आम आदमी पार्टी में आतिशी ने अपनी लगन और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई है। बता दें कि आप पार्टी अपने आठ साल के कार्यकाल में जिन उपलब्धियों को सबसे ज्यादा बार गिनाती रही है उनमें शिक्षा का क्षेत्र सबसे ऊपर है। इस क्षेत्र में आतिशी का बहुत बड़ा श्रेय माना जाता है।  2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं 2014 लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया। इसके बाद साल 2019 में आतिशी ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन भाजपा के गौतम गंभीर के सामने 4.77 लाख वोटों से हार गई, वो तीसरे नंबर पर रहीं थीं। इसके बाद साल 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा से चुनाव लड़ा और उसमें जीत हासिल की। फिर साल 2023 में पहली बार दिल्ली आम आदमी सरकार में मंत्री का पदभार संभाला। अब साल 2024 में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने जा रही हैं। 

शिक्षा के क्षेत्र में किया बेहतरीन काम

बता दें कि आतिशी शुरु से ही दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज उठाती रही हैं। वहीं  शिक्षा मंत्री के तौर पर मनीष सिसोदिया ने जो काम किए उसमें आतिशी का काफी सहयोग मिला है। आतिशी मनीष सिसोदिया की सलाहकार भी रही हैं और रणनीतिकार भी। लेकिन अप्रैल 2018 में आतिशी को यह पद छोड़ना पड़ा था। आम आदमी पार्टी की महिला नेता आतिशी एक होनहार स्टूडेंट, बेहतरीन शिक्षक होने के साथ शैक्षणिक योग्यता में भी अव्वल हैं। आतिशी ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है। वह शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने के लिए जानी जाती हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में सुधार का सबसे बड़ा श्रेय आतिशी को दिया जाता है। वह आप की राजनीति मामलों की समिति की सदस्य भी हैं। 

पहली बार बनीं विधायक

साल 2020 में आतिशी पहली बार कालकाजी विधानसभा सीट से चुनाव जीतक विधानसभा पहुंचीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह को 11 हजार 393 वोटों से हराया था। आतिशी का जन्म दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजय कुमार सिंह और त्रिप्ता वाही के घर 8 जून 1981 को हुआ था। आतिशी ने नई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा हासिल की। आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की। इसके बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में शेवनिंग छात्रवृत्ति पर मास्टर की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड से शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।

बता दें कि आतिशी ने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में सात साल बिताए थे। जहां वे जैविक खेती और प्रगतिशील शिक्षा प्रणालियों से जुड़ीं रहीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ भी काम किया। यहां उनकी पहली बार आम आदमी पार्टी के कुछ सदस्यों से मुलाकात हुई। जिसके बाद से आतिशी आम आदमी पार्टी से जुड़ गईं। 
 

4.000
Fans
3.000
Followers
2.000
Subscribers
side-banner