भाजपा प्रत्याशियों ने किया नामांकन, सुदर्शन भगत और अरुण उरांव ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
journo sam, October 24, 2024JHARKHAND ASSEMBLY ELECTION 2024 : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुमला जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में से सिसई और गुमला सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशियों ने आज अपने नामांकन दाखिल किए हैं। सिसई विधानसभा से अरुण उरांव और गुमला विधानसभा से सुदर्शन भगत ने नामांकन भरा है। इस मौके पर केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फगन सिंह कुलस्ते मौजूद रहे।
कुलस्ते ने कांग्रेस पर साधा निशाना
पालकोट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ऑक्सफोर्ड स्कूल से समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में दोनों प्रत्याशी एसडीओ कार्यालय पहुंचे। जुलूस में ढोल-नगाड़ों और नारों की गूंज के बीच समर्थकों का उत्साह चरम पर था। नामांकन के बाद आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री कुलस्ते ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा से अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण की समर्थक रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "1994-95 में जब आरक्षण पर प्रतिबंध लगाने की बात उठी, तब कांग्रेस की सरकार थी। संविधान में बदलाव के बिना यह संभव नहीं है, और भाजपा ने हमेशा आरक्षण को सुरक्षित रखने का काम किया है।"
सुदर्शन समस्याओं से वाकिफ, समाधान का वादा
सुदर्शन भगत, जो गुमला विधानसभा से उम्मीदवार हैं, ने अपने 20 सालों के जनप्रतिनिधित्व के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वह गुमला की हर समस्या से भली-भांति परिचित हैं। "गुमला के विकास के लिए मैंने हमेशा प्रयास किया है और इस बार भी जनता का समर्थन मिला तो हर समस्या का समाधान करूंगा,"।
CM हेमंत को बताया 'बालू बाबा'
वहीं सिसई विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार अरुण उरांव ने भी सभा में जमकर हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 'बालू बाबा' की संज्ञा देते हुए बालू तस्करी के गंभीर आरोप लगाए। उरांव ने कहा, "हेमंत सरकार में बालू की तस्करी चरम पर है और राज्य के संसाधनों का जमकर दोहन हो रहा है। सिसई विधानसभा में मैं शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में अग्रणी सुधार लाने का वादा करता हूं। भाजपा के मजबूत नेतृत्व में यह क्षेत्र समृद्धि की दिशा में अग्रसर होगा।" इसके साथ ही दोनों प्रत्याशियों ने सभा के दौरान भाजपा की नीतियों का समर्थन करने और झारखंड में भाजपा की मजबूती के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा।
आरक्षण की सुरक्षा केवल भाजपा ने की
केंद्रीय मंत्री फगन सिंह कुलस्ते ने कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण को भाजपा ने संरक्षित किया है। उन्होंने कहा, "जब भी आरक्षण के अस्तित्व पर संकट आया, भाजपा ने संविधान संशोधन कर इसे सुरक्षित रखा।" इस तरह गुमला और सिसई विधानसभा में भाजपा की ओर से सुदर्शन भगत और अरुण उरांव ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जोश और उत्साह से नामांकन प्रक्रिया पूरी की। अब देखना यह है कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।